
वाराणसी, 30 नवम्बर 2025 | प्रज्ञा पुंज न्यूज़
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर वाराणसी ने एक और स्वर्णिम अध्याय रचा है। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के अंतर्गत सबसे अधिक स्वास्थ्य इकाइयों को प्रमाणित कराने वाला वाराणसी देश का पहला जनपद बन गया है। जिले की 172 स्वास्थ्य इकाइयों को NQAS प्रमाणन प्राप्त होने के साथ काशी ने पूरे देश में नया मानदंड स्थापित किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि प्रमाणित इकाइयों में शामिल हैं—
🔹 159 आयुष्मान आरोग्य मंदिर
🔹 9 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
🔹 1 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
🔹 1 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
🔹 2 जिला स्तरीय चिकित्सालय
इस ऐतिहासिक सफलता के साथ वाराणसी में स्वास्थ्य सुविधाओं के ढांचे, सेवाओं की गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा रोगी संतुष्टि के क्षेत्रों में व्यापक सुधार दर्ज हुआ है। सीएमओ ने इसे स्वास्थ्य विभाग की टीमों, चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, पैरामेडिकल व सहयोगी कर्मियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया।
आगे भी बनेगा इतिहास — नई इकाइयाँ प्रमाणन की ओर
सीएमओ के अनुसार—
🔹 19 इकाइयों के परिणाम शेष हैं
🔹 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का राष्ट्रीय मूल्यांकन 15 से 31 दिसम्बर के बीच होगा
🔹 4 सीएचसी, 3 पीएचसी एवं 6 आयुष्मान आरोग्य मंदिर का डाटा सक्षम पोर्टल पर अपलोड
इनका मूल्यांकन भी शीघ्र कराया जाएगा।
क्या है NQAS प्रमाणन?
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित NQAS कार्यक्रम का उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों की गुणवत्ता बढ़ाना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बेहतर सेवाओं के लिए प्रमाणित करना है।
इसके तहत मुख्य मूल्यांकन बिंदु हैं—
✔ सेवा गुणवत्ता
✔ रोगी अधिकार
✔ सहायक स्वास्थ्य सेवाएँ
✔ नैदानिक देखभाल
✔ संक्रमण नियंत्रण
✔ गुणवत्ता प्रबंधन
डॉ. चौधरी ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों व जिला प्रशासन को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आगामी मूल्यांकन में भी बची इकाइयाँ NQAS प्रमाणित होकर वाराणसी को राष्ट्रीय ही नहीं वैश्विक स्तर पर आदर्श स्वास्थ्य मॉडल के रूप में स्थापित करेंगी।


Leave a Reply