Advertisement

झूठी खबरों से मेरी छवि धूमिल करने की सुनियोजित साजिश — शालिनी यादव ने जारी किया बयान

वाराणसी। सोशल मीडिया और कुछ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बीते दो दिनों से भाजपा नेत्री एवं पूर्व लोकसभा वाराणसी प्रत्याशी श्रीमती शालिनी यादव के नाम पर भ्रामक एवं तथ्यहीन समाचार वायरल किए जा रहे हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि उनके कथित मालिकाना फ्लैट में पुलिस ने देह व्यापार पकड़ा और 13 लोगों को गिरफ्तार किया।
इस विषय पर आज जारी किए गए तथ्यों सहित आधिकारिक बयान में शालिनी यादव ने स्पष्ट कहा कि संबंधित फ्लैट की वह न तो कभी मालकिन रही हैं और न ही वर्तमान में उनका उससे किसी भी प्रकार का कोई संबंध है। ऐसे में उस फ्लैट को “शालिनी यादव का फ्लैट” बताकर सनसनी फैलाना पूरी तरह अनुचित और दुर्भावनापूर्ण है।

उन्होंने बताया कि —
🔹 पुलिस की वास्तविक रिपोर्ट के अनुसार उक्त फ्लैट से सिर्फ तीन लड़कियों को थाने ले जाया गया, जिन्हें बाद में सिगरा थाने से छोड़ दिया गया।
🔹 वायरल पोस्ट में दिखाई गई 13 लोगों की गिरफ्तारी की संख्या गलत और भ्रामक है।
🔹 अन्य 10 लोगों की गिरफ्तारी किसी अलग स्थान से हुई, परंतु साजिशन सबको उनके नाम से जोड़कर प्रचारित किया गया।शालिनी यादव ने कहा कि बिना सत्यापन के ऐसे झूठे आरोप लगाना एक सुनियोजित रणनीति का हिस्सा है, जिसमें विपक्षी दलों से जुड़े कुछ वरिष्ठ और कार्यकर्ता स्तर के लोग तथा सोशल मीडिया के फेक ट्रॉलर्स शामिल हैं। उद्देश्य सिर्फ उनकी सार्वजनिक छवि और प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाना है।

उन्होंने कहा —“मैं एक शिक्षित महिला हूं। गाजीपुर के साधारण गांव से मेहनत के बल पर यहां तक पहुंची हूं। मेरे पिता बीएचयू आईटी के टॉपर रहे और सिंचाई विभाग में चीफ इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए। मेरा परिवार देश-विदेश में प्रतिष्ठित पदों पर है। मैं राज्यसभा के पूर्व सभापति एवं केंद्रीय मंत्री की बहू हूं, जिनकी सच्चरित्रता आज भी मिसाल है। उसी आदर्श पर चलकर मैं जनता की ईमानदारी से सेवा कर रही हूं।”
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की रीच और सनसनी की होड़ में कुछ डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म और लोग एक महिला की प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जो दुखद और निंदनीय है।

🔹 शालिनी यादव ने बताया कि उनके लीगल सहयोगी सभी झूठी पोस्ट और समाचारों का अध्ययन कर रहे हैं।
🔹 दोषियों के खिलाफ मानहानि और आईपीसी के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी निर्दोष व्यक्ति — खासकर महिला — को निशाना बनाकर बदनाम न किया जा सके।

अंत में उन्होंने मीडिया जगत से अनुरोध किया कि — “मैं आशा करती हूं कि जिम्मेदार मीडिया सत्य तथ्यों को प्रमुखता से प्रकाशित कर इस दुष्प्रचार का खंडन करेंगे और मेरी छवि पर लगाए गए झूठे आरोपों का पर्दाफाश करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *