
वाराणसी | दिनांक —29 नवंबर 2025
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने आज सुबह वरूणापार जोन के अंतर्गत वार्ड सिकरौल के गोविंद नगर कॉलोनी, सिकरौल यादव बस्ती तथा सनबीम वरुणा के मुख्य मार्गों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया और बेहतर व नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा सनबीम वरुणा के पास नगर निगम की रिक्त भूमि पर बारातघर निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर नगर आयुक्त ने उक्त भूमि की पैमाइश कर बारातघर निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चल रहे इंटरलाकिंग निर्माण कार्य का भी नगर आयुक्त ने स्थलीय परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय अवर अभियंता ज्ञानचंद से स्पष्टीकरण तलब किया तथा कार्य की गुणवत्ता को सुधारने के कठोर निर्देश दिए।
नगर आयुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान कचरा प्रबंधन, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, शौचालय, नाला सफाई, पेयजल, तालाब व कुओं की स्थिति का भी गहन परीक्षण किया गया। संबंधित विभागों को आवश्यक सफाई, मरम्मत व सुधार कार्य हेतु प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी वरुणापार जितेन्द्र कुमार आनंद, अवर अभियंता सिविल, अवर अभियंता मार्ग प्रकाश, अवर अभियंता जलकल सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply